Ans:-- महादेवी वर्मा छायावाद की प्रमुख कवयित्री हैं। छायावादी कविता की एक प्रमुख विशेषता है उसमें पाई जाने वाली रहस्यवादी भावना। जब कवि उस अज्ञात सत्ता को प्रकृति में सर्वत्र देखता है, उससे अपना सम्बन्ध जोड़कर विरह निवेदन व्यक्त करता है और उस अज्ञात प्रियतम से मिलन के लिए छटपटाता है तो इस प्रकार के भावों को व्यक्त करने वाली कविता को रहस्यवादी कविता कहा जाता है। प्रेम की यह भावना लौकिक न होकर अलौकिक होती है जिसमें जीवात्मा की पीड़ा, वेदना, टीस एवं कसक का वर्णन किया जाता है। महादेवी जी की कविताओं में भी उस अज्ञात सत्ता के प्रति यह प्रेम भाव व्यक्त किया गया है। यथा
बीन भी हूं मैं तुम्हारी रागिनी भी हूं।
दूर हूं तुमसे अखण्ड सुहागिनी भी हूं ॥
महादेवी जी के रहस्यवाद में मीरा की तरह माधुर्य भाव, प्रेमजन्य अनुभूति एवं तीव्रतम वेदना दिखाई पड़ती है। वे विश्व के क्रन्दन को अनुभव करती हैं किन्तु अपने लक्ष्य को पाने के लिए निरन्तर प्रयासरत रहती दिखाई देती हैं
विश्व का क्रन्दन भुला देगी मधुप की मधुर गुनगुन
क्या डुबा देंगे तुझे यह फुल के दल ओस नीले ?
तू न अपनी छांह को अपने लिए कारा बनाना ।
जाग तुझको दूर जाना ॥
मानव आत्मा में व्याप्त शाश्वत पीड़ा को उनकी कविताओं में अभिव्यक्ति मिली है। आंखों में अश्रुधारा और हृदय में असीम वेदना लिए हुए वे उस अज्ञात प्रियतम से मिलने को व्याकुल हैं
स्पन्दन में चिर निपंद बसा
क्रन्दन में आहत विश्व हंसा
नयनों में दीपक से जलते
पलकों में निर्झरिणी मचली ॥
महादेवी का जीवन दीप निरन्तर प्रज्वलित है और उस पथ को प्रकाशित करता रहता है, जिधर से प्रियतम के आने की सम्भावना है
मधुर मधुर मेरे दीपक जल
युग-युग प्रतिदिन प्रतिक्षण प्रतिपल
प्रियतम का पथ आलोकित कर॥
छायावादी काव्य में वेदना और रहस्य भावना का जो उत्कर्ष महादेवी जो के गीतों में मिलता है, वह अन्यत्र कहीं नहीं है। उनके सम्पूर्ण काव्य में प्रेम की गहनता विद्यमान है। वेदना और करूणा को कविता का प्राणतत्व
माना गया है। महादेवी जी की कविता में अज्ञात सत्ता के प्रति विरह भावना के दर्शन होते हैं इसलिए उनकी कविता को रहस्यवाद के अन्तर्गत स्थान दिया गया है। प्रियतम से मिलन का प्रयास वे जीवन के अन्तिम क्षणों तक करना चाहती हैं। यथा --
हार भी तेरी बनेगी मानिनी जय की पताका,
राख क्षणिक पतंग की है अमर दीपक की निशानी।
है तुझे अंगार शय्या पर मृदुल कलियां बिछाना।
जाग तुझको दूर जाना ॥
भले ही पंथ अपरिचित हो, प्राण अकेलें हों, अमावस्या के अंधेरे जीवन में छाए हों किन्तु तुझे निरन्तर आगे बढ़ना है। यही संकल्प लेती हुई कवयित्री कहती हैं
पंथ होने दो अपरिचित प्राण रहने दो अकेला।
और होंगे नयन सूखे तिल बुझे औ पलक रूखे
आर्द्र चितवन में यहां शत विद्युतों में दीप खेला ॥
जीवात्मा का दृढ़ विश्वास है कि वह प्रतिकूल परिस्थितियों में भी परमात्मा को प्राप्त करेगी। उक्त विवेचन के आधार पर यह कहा जा सकता है कि महादेवी जी रहस्यवाद की प्रमुख कवयित्री हैं। अज्ञात सत्ता के प्रति उनके हृदय में मिलन की तीव्र उत्कण्ठा है जिसने उसके प्राणों में अमर वेदना का संचार कर दिया है।

0 Comments